
स्थान दिनेशपुर, ऊधम सिंह नगर
दिनेशपुर।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर अजय गणपति के निर्देशानुसार सोमवार को थाना दिनेशपुर परिसर में थाना दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच संवाद को मजबूत करना तथा जन-शिकायतों का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करना रहा।
जनता दरबार में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और गणमान्य नागरिकों ने भाग लेकर यातायात व्यवस्था, मुख्य बाजारों में जाम, नशे के खिलाफ अभियान तेज करने और रात्रि गश्त बढ़ाने जैसी समस्याएं प्रमुखता से उठाईं।
एसएसपी अजय गणपति ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जाम और यातायात की समस्या के समाधान के लिए तत्काल कार्ययोजना तैयार कर प्रभावी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल ही अपराध मुक्त समाज की आधारशिला है। पुलिसकर्मी आमजन के साथ मित्रवत व्यवहार करें, ताकि पीड़ित बिना किसी भय के अपनी शिकायत दर्ज करा सकें।
एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले में किसी भी प्रकार के अवैध कारोबार और नशे के नेटवर्क को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही जेल से छूटे अपराधियों और संदिग्ध व्यक्तियों की नियमित निगरानी रखने के भी निर्देश दिए।
युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि समाज को सुरक्षित और स्वस्थ बनाने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने स्थानीय लोगों को भरोसा दिलाया कि पुलिस उनकी सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा जनता से प्राप्त सुझावों पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
जनता दरबार में मौजूद लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी पुलिस प्रशासन को सहयोग देने का भरोसा जताया।



सम्पादक खबर पहरेदार
कार्यालय – बाजपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – +91 89239 09777
