Breaking News

सोशल मीडिया पर मानहानि का आरोप, ग्राम प्रधान के पति ने बाजपुर कोतवाली में दी तहरीर

Spread the love

सोशल मीडिया पर मानहानि का आरोप, ग्राम प्रधान के पति ने बाजपुर कोतवाली में दी तहरीर

बाजपुर क्षेत्र के ग्राम कनौरी निवासी जगवीर सिंह ने कोतवाली बाजपुर में तहरीर देकर गांव के ही निवासी शमशाद हुसैन पर सोशल मीडिया के माध्यम से उनकी छवि धूमिल करने का आरोप लगाया है।
शिकायत के अनुसार, जगवीर सिंह की पत्नी वर्तमान में ग्राम कनौरी की ग्राम प्रधान हैं। उनका आरोप है कि 8 जुलाई 2026 को “वोकल फॉर लोकल” नामक व्हाट्सएप ग्रुप में शमशाद हुसैन ने एक वीडियो साझा किया और उसके साथ ऐसी टिप्पणियां लिखीं, जिनमें जगवीर सिंह पर उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में लोगों की जमीन हड़पने जैसे आरोप लगाए गए।
जगवीर सिंह का कहना है कि वीडियो में जिन लोगों का उल्लेख किया गया है, उनका उनसे कोई संबंध नहीं है। उनका आरोप है कि सोशल मीडिया पर जानबूझकर उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने और उन्हें बदनाम करने का प्रयास किया गया, जिससे उनकी सामाजिक छवि प्रभावित हुई है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने अपनी तहरीर के साथ व्हाट्सएप ग्रुप में की गई कथित टिप्पणियों के स्क्रीनशॉट भी संलग्न किए हैं।
बाजपुर पुलिस का कहना है कि तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Saleem Raza

सम्पादक खबर पहरेदार कार्यालय – बाजपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड संपर्क – +91 89239 09777

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

*

*