रिपोर्ट: शराफत हुसैन
स्थान: भोजीपुरा, बरेली
भोजीपुरा । राजकीय हाई स्कूल अलीनगर के प्रधानाचार्य डॉ. मनोज दिवाकर का पदोन्नति के बाद पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज, चौबारी (बरेली) में प्रधानाचार्य पद पर स्थानांतरण किया गया है। शनिवार को उन्होंने विद्यालय पहुंचकर विधिवत कार्यभार ग्रहण किया और शिक्षकों के साथ बैठक कर विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था एवं विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
माध्यमिक शिक्षा विभाग के विशेष सचिव द्वारा जारी आदेश के अनुसार डॉ. मनोज दिवाकर को पदोन्नत कर नए दायित्व की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद डॉ. मनोज दिवाकर ने कहा कि विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन और छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि शिक्षकों और अभिभावकों के सहयोग से विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने छात्र-छात्राओं से नियमित रूप से विद्यालय आने और पूरी लगन के साथ अध्ययन करने का आह्वान किया। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व डॉ. मनोज दिवाकर राजकीय हाई स्कूल अलीनगर, भोजीपुरा (बरेली) में प्रधानाध्यापक के पद पर कार्यरत थे। शासन ने उनकी पदोन्नति करते हुए उन्हें पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज, चौबारी के प्रधानाचार्य का दायित्व सौंपा है।

सम्पादक खबर पहरेदार
कार्यालय – बाजपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – +91 89239 09777
