मानसून को देखते हुए जिला प्रशासन का फैसला, अवैध खनन पर होगी सख्त कार्रवाई
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर में मानसून के मद्देनज़र जिला प्रशासन ने 1 जुलाई से 30 सितंबर 2026 तक जनपद के अधिकांश खनन क्षेत्रों में खनन और चुगान कार्य पर रोक लगा दी है। इस संबंध में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने आदेश जारी कर दिया है।
जारी आदेश के अनुसार, वर्षाकाल में बाढ़ और प्राकृतिक आपदाओं से जन-धन की सुरक्षा को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। आदेश में कहा गया है कि केंद्र सरकार द्वारा संचालित परियोजनाओं और उच्च न्यायालय के निर्देशों के तहत संचालित कार्यों को छोड़कर अन्य सभी खनन क्षेत्रों में इस अवधि के दौरान खनन एवं चुगान कार्य बंद रहेंगे।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंध अवधि के दौरान यदि कोई व्यक्ति अवैध खनन करते हुए पाया जाता है, तो उसके खिलाफ उत्तराखंड उप खनिज (परिहार) नियमावली-2023 के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों, उप जिलाधिकारियों, पुलिस, वन विभाग और खनन अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।
खबर पहरेदार | सच से समझौता नहीं।


सम्पादक खबर पहरेदार
कार्यालय – बाजपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – +91 89239 09777
