Breaking News

देहरादून में दलित परिवार के समर्थन में उत्तराखण्ड टाइगर फोर्स का प्रदर्शन

Spread the love

रिपोर्ट- अभिषेक चौहान

देहरादून। दलित परिवार को न्याय दिलाने की मांग, उत्तराखण्ड टाइगर फोर्स ने अनुसूचित जाति आयोग कार्यालय पर किया सांकेतिक प्रदर्शन
देहरादून, 4 जुलाई। सेवला खुर्द निवासी एक दलित परिवार को न्याय दिलाने की मांग को लेकर उत्तराखण्ड टाइगर फोर्स (UTF) ने शनिवार को उत्तराखण्ड अनुसूचित जाति आयोग कार्यालय पर सांकेतिक प्रदर्शन किया। संगठन ने आरोप लगाया कि थाना पटेलनगर में दर्ज एफआईआर संख्या 379/2026 में पुलिस कार्रवाई अपेक्षित गति से नहीं हो रही है।

संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष ललित उत्तराखण्डी के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में पीड़ित दिनेश कुमार, उनके परिजन तथा सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने आयोग को ज्ञापन सौंपते हुए मामले में निष्पक्ष एवं समयबद्ध कार्रवाई की मांग की।
UTF का आरोप है कि राजनीतिक दबाव के कारण पुलिस की कार्रवाई प्रभावित हो रही है तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही है। संगठन ने यह भी दावा किया कि मामले में नामजद आरोपियों की अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई है।
आयोग अध्यक्ष की अनुपस्थिति में उनके सचिव ने ज्ञापन प्राप्त किया। संगठन के अनुसार, बाद में आयोग अध्यक्ष ने दूरभाष पर ललित उत्तराखण्डी से बातचीत कर आश्वासन दिया कि आयोग इस प्रकरण को गंभीरता से देख रहा है और यदि पुलिस स्तर पर किसी प्रकार की ढिलाई पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों से आवश्यक कार्रवाई के लिए कहा जाएगा।

उत्तराखण्ड टाइगर फोर्स ने मामले में निष्पक्ष जांच, सभी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को पुलिस सुरक्षा तथा किसी भी संभावित राजनीतिक हस्तक्षेप की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
संगठन ने चेतावनी दी कि यदि जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो वह वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मुलाकात करेगा और आगे आंदोलन को तेज करने पर विचार करेगा।
प्रदर्शन में धीरज, करण, अजय, रोहित, अमित सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
नोट: इस समाचार में लगाए गए आरोप उत्तराखण्ड टाइगर फोर्स द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति पर आधारित हैं। पुलिस या अन्य संबंधित पक्ष का आधिकारिक पक्ष प्राप्त होने पर समाचार को अपडेट किया जाएगा।

Saleem Raza

सम्पादक खबर पहरेदार कार्यालय – बाजपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड संपर्क – +91 89239 09777

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

*

*