
मजदूरी मांगने पर दलित युवकों से मारपीट का आरोप, वाल्मीकि समाज ने कार्रवाई की मांग
स्थान – बाजपुर ऊधमसिंहनगर
बाजपुर में मजदूरी का भुगतान मांगने गए दो दलित युवकों के साथ कथित तौर पर मारपीट, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ितों ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। वहीं उत्तराखंड वाल्मीकि दलित समाज सुधार संगठन ने भी पीड़ितों के समर्थन में पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित राजू और विकास सागर का आरोप है कि वे पिछले करीब एक वर्ष से एक राजमिस्त्री के साथ मजदूरी का काम कर रहे थे। उनका कहना है कि उनकी कई दिनों की मजदूरी पहले से बकाया थी। आरोप है कि 12 जुलाई को उन्हें काम के लिए हरिपुरा हरसान ले जाया गया, जहां उनसे तय काम के बजाय भारी निर्माण सामग्री उठवाने का काम कराया गया।
पीड़ितों का आरोप है कि काम पूरा होने के बाद उन्हें पूरी मजदूरी नहीं दी गई। जब उन्होंने बकाया भुगतान की मांग की और आरोपी के घर पहुंचे तो उनके साथ अभद्रता की गई। आरोप है कि इस दौरान जातिसूचक शब्द कहे गए और विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि कुछ अन्य लोगों ने भी लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला किया तथा उनका मोबाइल फोन और बाइक भी अपने कब्जे में ले ली। साथ ही पुलिस में शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
मामले को लेकर उत्तराखंड वाल्मीकि दलित समाज सुधार संगठन के अध्यक्ष अनिल वाल्मीकि के नेतृत्व में समाज के लोगों ने पीड़ितों के साथ कोतवाली पहुंचकर दोषियों के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज करने और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। संगठन का कहना है कि यदि पीड़ितों को न्याय नहीं मिला तो वह आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
फिलहाल पुलिस ने तहरीर प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।

सम्पादक खबर पहरेदार
कार्यालय – बाजपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – +91 89239 09777
