शातिर चोर गिरफ्तार; 100% माल बरामद, पुलिस टीम को ₹5 हजार का इनाम
बाजपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में कोतवाली बाजपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए ओम ज्वैलर्स में हुई करीब 34 लाख रुपये की ज्वेलरी चोरी का महज 11 दिन में खुलासा कर दिया। पुलिस ने तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर चोरी का 100 प्रतिशत माल बरामद कर लिया है। इस उत्कृष्ट कार्य के लिए एसएसपी अजय गणपति ने पुलिस टीम को ₹5,000 के नकद पुरस्कार की घोषणा की है।
पुलिस के अनुसार 9 जुलाई 2026 को ओम ज्वैलर्स के संचालक ओमकार वर्मा निवासी वार्ड नंबर-09, मझरा बक्श, बाजपुर ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि 8 जुलाई की रात अज्ञात चोर उनकी दुकान का शटर और ताले तोड़कर अंदर घुस गए। चोर करीब 2 लाख रुपये की नकदी, सोने-चांदी के आभूषण, सीसीटीवी सिस्टम का एनवीआर और टीवी चोरी कर फरार हो गए। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक काशीपुर के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी बाजपुर के पर्यवेक्षण एवं प्रभारी निरीक्षक नरेश चौहान के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, मैनुअल सर्विलांस, सुरागरसी और तकनीकी जांच के आधार पर 19-20 जुलाई की रात किशनपुर-मौलागढ़ बॉर्डर से तीनों आरोपियों को घटना में प्रयुक्त ऑटो संख्या UK18TA-2192 सहित गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आजम, इस्लाम और करमरूद्दीन निवासी नरपत नगर, थाना स्वार, जिला रामपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 82.74 ग्राम सोने के आभूषण, 10.666 किलोग्राम चांदी के आभूषण, ₹39,500 नकद तथा घटना में प्रयुक्त ऑटो बरामद किया। बरामद माल की कुल अनुमानित कीमत करीब 34 लाख रुपये है। पुलिस के अनुसार चोरी का शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया गया है।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने पहले दुकान के सीसीटीवी के तार काटे और फिर शटर का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी आजम के खिलाफ पहले से चोरी और गैंगस्टर एक्ट समेत कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक नरेश चौहान, वरिष्ठ उपनिरीक्षक विक्रम सिंह धामी, उपनिरीक्षक देवेन्द्र सिंह मेहता, उपनिरीक्षक धीरेन्द्र सिंह परिहार, एएसआई राकेश सिंह रौंकली, हेड कांस्टेबल नरेन्द्र सिंह बिष्ट, प्रदीप कुमार, कांस्टेबल अमित जोशी, शैलेन्द्र सिंह, विजय पाल बिष्ट, जरनैल सिंह, दीपक, एसओजी काशीपुर के कांस्टेबल कैलाश तोमक्याल, इमरान तथा प्रहरी सईद सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान निरंतर जारी रहेगा। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

सम्पादक खबर पहरेदार
कार्यालय – बाजपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – +91 89239 09777
