
ऑल इंडिया बार परीक्षा पास कर धौराटांडा लौटे एडवोकेट हसीन जावेद, हुआ भव्य स्वागत
रिपोर्ट – शराफत हुसैन
भोजीपुरा। धौराटांडा निवासी एडवोकेट हसीन जावेद के ऑल इंडिया बार एग्जामिनेशन-2026 उत्तीर्ण करने पर कस्बे में खुशी का माहौल देखने को मिला। पहली बार घर लौटने पर स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं से उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
हसीन जावेद ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा धौराटांडा से प्राप्त करने के बाद अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी से बीकॉम तथा एलएलबी की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने इलाहाबाद हाईकोर्ट में वकालत का प्रशिक्षण लिया। कड़ी मेहनत के बल पर उन्होंने पहले ही प्रयास में ऑल इंडिया बार परीक्षा उत्तीर्ण कर क्षेत्र का नाम रोशन किया।
अपनी सफलता का श्रेय उन्होंने माता-पिता की दुआओं, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अपने मित्र शाहजेब सैफी के सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल उनकी नहीं, बल्कि पूरे धौराटांडा क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। साथ ही युवाओं से मेहनत, लगन और शिक्षा को सफलता की कुंजी बताते हुए निरंतर प्रयास करने का संदेश दिया।
इस अवसर पर परिजनों, रिश्तेदारों, समाजसेवियों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

सम्पादक खबर पहरेदार
कार्यालय – बाजपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – +91 89239 09777
