Breaking News

सोशल मीडिया विवाद में युवक की गोली मारकर हत्या, 12 घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

रुद्रपुर/किच्छा। थाना किच्छा क्षेत्र में युवक की गोली मारकर हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को नेपाल भागने की कोशिश के दौरान धाधा फार्म क्षेत्र से दबोच लिया।

पुलिस के अनुसार 25 जून 2026 को महराया लालपुर रोड पर 6-7 लोगों ने विक्रांत नामक युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घायल को पहले स्थानीय अस्पताल और बाद में सुशीला तिवारी चिकित्सालय रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

मृतक की माता कंचन देवी की तहरीर पर थाना किच्छा में बंटी ठाकुर सहित छह नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। विक्रांत की मौत के बाद मुकदमे में हत्या की धारा 103 बीएनएस भी जोड़ दी गई।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि मृतक और उनके बीच सोशल मीडिया पर लंबे समय से बयानबाजी और विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते मौका पाकर उन्होंने फायरिंग की, जिसमें विक्रांत की जान चली गई।

पुलिस ने इस मामले में वरुण कुमार (21 वर्ष) निवासी रामेश्वरपुर, थाना किच्छा तथा सुशील (24 वर्ष) निवासी शिमला पिस्तौर, थाना रुद्रपुर को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी बंटी ठाकुर वर्तमान में घायल अवस्था में उपचाराधीन है। उसकी चोटों की जांच की जा रही है। अन्य आरोपियों की तलाश और आपराधिक इतिहास की जांच जारी है।

एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में अपराधियों के लिए कोई स्थान नहीं है। किसी भी अपराध में शामिल आरोपियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

Saleem Raza

सम्पादक खबर पहरेदार कार्यालय – बाजपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड संपर्क – +91 89239 09777

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

*

*